DniNews.Live

जालौन में युवक का जला शव मिला, शिनाख्त हुई:प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, तीन संदिग्ध आरोपियों पर शक

जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के ब्यौना राजा रोड पर झाड़ियों में मिले युवक के जले हुए शव की शिनाख्त होने के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतक की पहचान अजय कुमार दोहरे (25 वर्ष), पुत्र गिरजा शंकर दोहरे, निवासी उमरी का पुरा थाना रेंढ़र के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश के लहार थाना क्षेत्र के जनकपुरा में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिशन हत्या का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अजय 24 मार्च को अपनी प्रेमिका से मिलने कैलिया थाना क्षेत्र में आया था। बताया जा रहा है कि युवती, जो उसके ही गांव की रहने वाली है और जिसकी शादी कैलिया क्षेत्र में हो चुकी थी, ने उसे किसी बहाने से अपने पास बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान पहले से रची गई साजिश के तहत युवक को घेरकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया और सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में जले हुए शव को देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस जघन्य वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *