नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर रविवार को जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन उरई से महिला स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली पुलिस लाइन से कालपी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, कोतवाली उरई, घंटाघर, पीली कोठी और जेल रोड होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों का एक प्रमुख कारण अशिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को शिक्षित बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होने से वे हर क्षेत्र में मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगी। मिशन शक्ति 5.0 के तहत शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने, महिला बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, सभी थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखते हुए महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के प्रत्येक थाने पर महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 1090, 181 और 112 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं को एकीकृत किया गया है। इससे महिलाओं को एक ही स्थान पर त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेंगे। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply