जालौन कोतवाली नगर के तोपखाना मोहल्ले में शराब के लिए पैसे न देने पर एक मजदूर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इस हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, तोपखाना निवासी विनोद साहू पुत्र स्व. मूलचरन साहू ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 मार्च 2026 की शाम करीब 6 बजे मोहल्ले का ही राहुल पाल अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। राहुल ने विनोद से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। विनोद साहू के रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर चला गया। हालांकि, आरोपी और उसके साथी जबरन घर में घुस आए। तीनों ने मिलकर विनोद के साथ मारपीट की और उसे घसीटकर घर से बाहर ले आए। इसी दौरान राहुल पाल ने लोहे की रॉड से विनोद के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। आरोप है कि हमलावर जाते समय विनोद का मोबाइल भी तोड़ गए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल विनोद का पुलिस अभिरक्षा में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों की पहचान होने पर उन्हें पहचानने की बात कही है। पीड़ित का आरोप है कि थाना जालौन में एनसीआर संख्या 45/2026 दर्ज की गई है, लेकिन गंभीर चोटों के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाकर एफआईआर दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply