![]()
जालौन में बारिश से किसानों की फसलें खराब:ओलावृष्टि के बाद अब गेहूं-चना को नुकसान
जालौन जनपद में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार रात हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह से हल्की बूंदाबांदी जारी है। पहले ही ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की बची हुई फसलें अब बारिश के कारण खराब होने लगी हैं। किसानों के अनुसार, जिन खेतों में ओलावृष्टि से कुछ फसल बच गई थी, वह अब लगातार नमी और बारिश के कारण सड़ने लगी है। गेहूं और चना की फसलें सर्वाधिक प्रभावित हुई हैं। खेतों में पानी भरने से कटाई के बाद रखी फसल भी भीगकर खराब हो रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी के कारण किसान अपनी फसल को सुरक्षित नहीं कर पा रहे हैं। कई किसान खेतों में फसल सुखाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बारिश उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है। इससे किसानों के चेहरों पर चिंता साफ दिखाई दे रही है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तत्काल राहत नहीं मिली, तो उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो सकती है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply