DniNews.Live

जालौन में चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च वितरित:डीएम-एसपी ने साफा पहनाकर बढ़ाया मनोबल, कहा- सुरक्षा के प्रहरी

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जालौन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस विभाग के चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च एवं साफा वितरित कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर डीएम व एसपी ने चौकीदारों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे न केवल सूचनाओं के वाहक होते हैं, बल्कि गांवों में सुरक्षा व्यवस्था के मजबूत स्तंभ भी हैं। उनकी सक्रियता से ही अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखना संभव हो पाता है। संवाद के दौरान चौकीदारों ने अपने अनुभव साझा किए और अपनी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर से उन्हें हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें। वहीं पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों को सतर्क, सजग और सक्रिय रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब चौकीदारों ने इस सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। कई चौकीदार भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक प्रेरित करता है। अंत में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चौकीदारों की सक्रिय भागीदारी से गांव-गांव में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित किया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *