DniNews.Live

जालौन में घर में घुसकर युवती से लूट:चाकू दिखाकर जेवर-नकदी लूटे, एक हिरासत में

जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलाईपुरा में दो दिन पहले एक घर में लूट की वारदात हुई। बदमाशों ने घर में अकेली युवती को चाकू दिखाकर धमकाया और जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में पीड़िता और उसके परिजनों ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के पिता सलमान उर्फ राजू पुत्र वहीद खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे हुई थी। उस समय वह खेत पर काम करने गए थे और उनकी बेटी खुशी घर पर अकेली थी। आरोप है कि ग्राम सुरावली निवासी दुर्गेश अपने एक अज्ञात साथी के साथ उनके घर में घुस आया। बदमाशों ने युवती खुशी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने घर में रखे जेवरात और 40,500 रुपये नकद लूट लिए। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके परिचित हैं और वह उन्हें सामने आने पर पहचान सकती है। पीड़िता के अनुसार, लूटे गए सामान में दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी मनचली, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की बाली, चांदी की पायल और चांदी की बालचोरी शामिल हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दुर्गेश के फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *