जालौन के गोहन थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग रिश्तेदारी से लौट रहे थे और रास्ते में कैलोर के पास सड़क किनारे खराब खड़े डंपर से उनकी बाइक जा टकराई। गोहन थाना क्षेत्र के गुपलापुर निवासी बिशुनलाल (55), जालौन के दमा निवासी हरी सिंह (50) तथा रामपुरा के चांदनपुरा निवासी दिलीप (21) सोमवार को बाइक से नदीगांव थाना क्षेत्र के मुहब्बतपुर गांव किसी रिश्तेदारी में गए थे। देर रात लौटते समय उनकी बाइक तेज रफ्तार में कैलोर के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शोरगुल सुनकर तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बिशुनलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरी सिंह और दिलीप की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष राजपूत ने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके चलते सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों को भी गहरी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी उमा देवी, पुत्र कुंअर सिंह, अंकुल और गोलू का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply