DniNews.Live

जालौन के शेरगढ़ पुल पर चलती बाइक में लगी आग:पल्सर गाड़ी से औरैया की ओर से गांव लौट रहा था युवक

जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में यमुना (शेरगढ़) पुल पर मंगलवार शाम एक चलती बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना को लेकर पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग दावों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। जानकारी के अनुसार, हदरुख गांव निवासी सत्यम सेंगर (25) अपनी पल्सर बाइक से औरैया की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शेरगढ़ पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर रगड़ लगने से उत्पन्न घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई। सूचना मिलते ही शंकरपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और पास के पेट्रोल पंप से फायर सिलेंडर मंगाकर आग पर काबू पाया। घायल सत्यम को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनके शरीर पर हल्की चोटें और खरोंचें पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने जली हुई बाइक को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कराया। हालांकि, घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का दावा पुलिस के बयान से अलग है। कुछ लोगों के अनुसार, तेज रफ्तार शताब्दी बस ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक बस में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटी गई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। पुलिस फिलहाल बाइक फिसलने से आग लगने की बात कह रही है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद घटना की सच्चाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर सत्यता का पता लगाया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *