प्रयागराज में एक दिन पहले पकड़े गए इंटर डिस्ट्रिक्ट जाली करेंसी रैकेट सरगना विवेक यादव पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है। पुलिस व एसओजी की दो टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। उधर जेल भेजे गए धर्मेंद्र कुमार के बारे में एक अहम जानकारी सामने आई है। पता चला है कि उसका पिता व भाई भी जाली करेंसी की तस्करी में लिप्त हैं।
पिता-भाई भी हुए थे नामजद
2019 में धर्मेंद्र जाली तस्करी के जिस मामले में जेल गया, उसमें उसका पिता राजाराम व भाई शशी भी मुल्जिम थे। हालांकि वह मौके से नहीं पकड़े गए थे। इस मुकदमे में तीनों बाप-बेटों के साथ पांच लोगों को आरोपी बनाया गया। तब उसके कब्जे से 51850 रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राजाराम व शशि भाग निकले थे जिन्हें बाद में गिरफ्तार किया गया।
जेल में रहने के दौरान संपर्क में आया
धर्मेंद्र ने पूछताछ में खुद बयान दिया था कि वह अपने दोस्त शनि व संदीप के साथ नकली नोट बनाता है। इसके बाद उसका भाई व पिता इन नोटों को खपाते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र ने एक दिन पहले जेल भेजे जाने से पहले हुई पूछताछ में यह भी बताया है कि जेल में रहने के दौरान विवेक से हुई जो एक अन्य बंदी से मिलने आता था। इसके बाद ही बाहर निकलने के बाद उसने विवेक के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर जाली नोट तैयार करने का धंधा शुरू कर दिया।
इस तरह से बना नेटवर्क
विवेक ने ही उसे बताया था कि वह इन नोटों की सप्लाई करके ज्यादा पैसा कमा सकते हैं। इसके बाद ही विवेक ने ही उसकी मुलाकात अपने रिश्तेदार भदोही के राहुल व विवेक कुमार यादव से कराई। इस तरह से यह पूरा नेटवर्क काम करने लगा। सरगना विवेक ने इस काम के लिए धर्मेंद्र को अपना कमरा भी दे दिया और फिर इसी कमरे में लैपटॉप व प्रिंटर की मदद से जाली करेंसी तैयार की जाने लगी।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सरगना पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। यह है पूरा मामला
एक दिन पहले सरायइनायत पुलिस ने इस गैंग के चार मेंबरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1.18 लाख मूल्य के नकली नोट बरामद हुए जिनमें 500 के 200 और 100 रुपये के 183 नोट शामिल हैं। इस रैकेट को देवरिया से ऑपरेट किया जा रहा था। गिरफ्तार मेंबरों में से दो भदोही और दो देवरिया के रहने वाले हैं। रैकेट का सरगना देवरिया का ही रहने वाला विवेक यादव है जो जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुका है और अब विधायक का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply