बुलंदशहर के जहांगीराबाद कस्बे में हाल ही में हुई हिंसा के बाद पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। ईद उल फितर के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे शहर, खासकर ईदगाह मस्जिद की ड्रोन से निगरानी की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह ने जहांगीराबाद क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और लोगों से सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। डॉ. तेजवीर सिंह के नेतृत्व में पूरे शहर में पैदल मार्च भी निकाला गया। उन्होंने ईद की नमाज अदा कर घर लौट रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि 17 और 18 मार्च को जहांगीराबाद में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच संघर्ष हुआ था। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई थी, लेकिन कई दिनों तक क्षेत्र में तनाव बना रहा। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए इस बार ड्रोन से निगरानी की गई।

Leave a Reply