औरंगाबाद में गुरुवार रात 11 बजे भाई-बहन को गोली मार दी गई। ये घटना तब हुई जब वे गया से परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। घायल महिला के पति सुधीर ने कहा है कि उन्हें पत्नी ने फोन कर कहा था कि उसके भाई का मर्डर हो गया है और उसे भी गोली लगी है। मैं पहुंचा, तो दोनों गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे। दोनों पर फायरिंग की गई है। जख्मी हालत में इन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। घटना औरंगाबाद के जम्होर के शीशो बिगहा गांव के पास की है। घायल भाई-बहन की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के बिहारी बीघा निवासी योगेंद्र पासवान के बेटे विकास कुमार (20) और बेटी वंदना कुमारी (23) के रूप में हुई है। दोनों के सीने में गोली लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल छात्रा वंदना ने कहा है कि वो जीविका का एग्जाम देने के लिए अपने भाई के साथ गयाजी गई थी। वहीं से लौट कर घर आ रही थी। रास्ते में 3 लोगों ने गाड़ी रुकवा दी। सोने-चांदी और पैसे की डिमांड की। हमने कहा कि हम पैसे कहां से देंगे। हम लोग गरीब है। इतने में ही बदमाशों ने गोली मार दी। मुझे सीने में गोली लगी है। गहना, मोबाइल और पैसे की लूट घायल महिला के पति सुधीर कुमार पासवान ने कहा है कि मेरी मैडम ने फोन करके कहा कि जल्दी आइए, मेरे भाई का मर्डर हो गया है। उसे गोली लग गई है। आधे घंटे में मैं घटनास्थल पर पहुंच गया, तो दोनों सड़क पर पड़े हुए थे। लूटपाट के इरादे से बदमाश आए थे। उन्होंने गहना, मोबाइल और पैसे लूटे है। घायल भाई-बहन की मां कलवंती देवी ने कहा है कि मैं दोनों बच्चों के लिए खाना बना रही थी। फोन आया कि बच्चों को गोली मार दी गई है। लूट पाट हुई है। नई बाइक थी, बदमाशों ने चाबी छीन ली थी। हमारा किसी से कोई विवाद नहीं है। भाई की स्थिति चिंताजनक गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत औरंगाबाद में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें गयाजी रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, भाई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद पीड़ितों की मां ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे सिर्फ परीक्षा देकर घर लौट रहे थे, तभी यह वारदात हुई। आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और स्थानीय इनपुट खंगाले जा रहे हैं। आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जम्होर थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को एसपी अंबरीश राहुल घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की। कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/pOfxvMe
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply