DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जमुई में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित:पर्यावरण संरक्षण और महिला अधिकारों पर दिया गया संदेश

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के देखरेख में रविवार को जमुई जिले के कल्याणपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, वार्ड संख्या–21 में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल वकील प्रसादी शाह एवं पारा विधिक सेवक स्मिता कुमारी ने किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, विधिक साक्षरता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल वकील प्रसादी शाह ने कहा कि आधुनिक युग में पर्यावरण, विशेषकर वायु प्रदूषण, एक गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई महानगरों की हवा सांस लेने योग्य नहीं रह गई है, जिससे दमा, हृदय रोग सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पर्यावरण की रक्षा के लिए जमीनी स्तर पर संकल्प लें और प्रदूषण कम करने के उपाय अपनाएं। प्रदूषण कम करने के लिए दिए व्यावहारिक सुझाव प्रसादी शाह ने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी की यात्राओं में वाहनों का कम से कम उपयोग करें और साइकिल का प्रयोग बढ़ाएं। उन्होंने कार पूलिंग को अपनाने, ईंधन की बचत करने और वायु प्रदूषण कम करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि विद्युत और गैस से चलने वाले वाहनों के उपयोग से भी प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही कचरे के समुचित प्रबंधन से मृदा और जल प्रदूषण को रोकने में भी मदद मिलती है। निशुल्क विधिक सेवाओं की दी जानकारी शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सेवाओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी सलाह, सहायता और न्याय तक पहुंच के लिए प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं। महिला अधिकारों और कार्यस्थल सुरक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देकर ही कार्यस्थल का वातावरण सुरक्षित और सकारात्मक बनाया जा सकता है। समाज में महिलाओं के प्रति रूढ़ीगत सोच को बदलना समय की आवश्यकता है, तभी देश और समाज की प्रगति संभव है। कार्यक्रम में वार्ड संख्या–21 के वार्ड सदस्य कुलदीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जागरूकता शिविर की सराहना की और इसे जनहित में बेहद उपयोगी बताया।


https://ift.tt/wIRpKP7

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *