बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो महिलाओं और एक बालक की पिटाई का मामला सामने आया है। गोकुलपुर सधुवापुर के परागी पुरवा गांव निवासी ऊषा देवी और शोभावती ने पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि परिवार के दूसरे पक्ष से चल रहे जमीनी विवाद के चलते शुक्रवार शाम उन्हें और उनके 12 वर्षीय बेटे को लाठी-डंडों से पीटा गया। पीड़ितों ने बताया कि घटना की तस्वीरें एक मोबाइल फोन में कैद की गई थीं, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने जब्त कर लिया है। उनका दावा है कि इस फोन में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उनके अनुसार पुलिस ने उन पर ही धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी। ऊषा देवी और शोभावती ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे और पति का रास्ता रोककर उन्हें मारने का प्रयास भी किया गया है। पीड़ितों का कहना है कि पूर्व में भी उन पर कई बार हमला किया जा चुका है, जिसकी शिकायतें थाने में की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में खैरीघाट थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ितों को मोबाइल फोन थाने से ले जाने के लिए कहा गया है ।

Leave a Reply