प्रयागराज के जार्जटाउन में जमीन के नाम पर लाखों की ठगी के आरोपी जीजा-साले के खिलाफ गैंगस्टर लगाया गया है। राजेश त्रिपाठी उर्फ राजेश तिवारी और अम्बरीश त्रिपाठी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि अब विवेचना पूरी कर उनकी अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई की जा सकेगी।
जार्जटाउन व सरायइनायत के रहने वाले
राजेश पन्ना लाल रोड जार्जटाउन का रहने वाला है जबकि उसका साला अम्बरीश ककरा दुबावल सरायइनायत का निवासी है। जार्जटाउन इंस्पेक्टर रोहित तिवारी ने उनके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया है। उनकी तहरीर में बताया गया है, राजेश का एक सुसंगठित गिरोह है जो अपने गैंग के सदस्य अम्बरीश के साथ मिलकर जाली दस्तावेजों के जरिए लोगों को गुमराह कर उनसे मोटी रकम हड़पने और उन्हें डराने-धमकाने का काम करता है।
कर्नलगंज, सिविल लाइसं में भी मुकदमे
राजेश के खिलाफ थाना जार्जटाउन में 2023 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एक केस दर्ज हुआ। इसके अलावा उसके व अम्बरीश के खिलाफ कर्नलगंज में 2022 में धोखाधड़ी, जालसाजी का एक मुकदमा दर्ज हो चुका है। इससे पहले 2015 में सिविल लाइंस में उनके खिलाफ मारपीट, गालीगलौज व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। तीनों मुकदमों में चार्जशीट लग चुकी है।
गैंग चार्ट कराया गया अनुमोदित
दोनों अभियुक्तों का गैंग चार्ट तैयार कर इसे पुलिस कमिश्नर से अनुमोदित कराया गया। इसके बाद उनके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया। जार्जटाउन थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद विवेचना पूरी कर उनकी अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply