जमीन के नाम पर महिला से 20 लाख की ठगी:बुलंदशहर में फर्जी बैनामा कर हड़पी रकम, छह पर केस हुआ दर्ज
![]()
जमीन के नाम पर महिला से 20 लाख की ठगी:बुलंदशहर में फर्जी बैनामा कर हड़पी रकम, छह पर केस हुआ दर्ज
बुलंदशहर में जमीन दिलाने के नाम पर एक महिला से करीब 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रामा एन्क्लेव निवासी अनुराधा ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें ग्राम कपना स्थित एक जमीन का सौदा 19.70 लाख रुपये में तय कराया था। वर्ष 2023 में उनके घर पर 1.70 लाख रुपये बयाना के तौर पर लिए गए थे। इसके बाद 23 जनवरी 2024 को उप निबंधक खुर्जा कार्यालय में इकरारनामा और बैनामा भी करा दिया गया। पीड़िता के अनुसार, बाद में उन्हें पता चला कि उक्त जमीन का इकरारनामा और बैनामा पहले ही वर्ष 2011 से 2014 के बीच जसराज सिंह के नाम किया जा चुका था। आरोपियों ने इस तथ्य को छिपाकर खुद को जमीन का मालिक बताया और फर्जी दस्तावेज तैयार कर अनुराधा से लगभग 20 लाख रुपये हड़प लिए। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी इस धोखाधड़ी के बाद पीड़िता ने कई बार थाने और उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर अब कोतवाली नगर पुलिस ने राजू उर्फ राजू सिंह समेत छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
