जनपद सोनभद्र के डायट परिसर स्थित सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय बैच के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जारी है। यह प्रशिक्षण जनगणना के प्रथम चरण (22 मई से 20 जून 2026) के तहत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ कार्य के लिए आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न हुआ। मास्टर ट्रेनर्स डॉ. के.एन. उपाध्याय और सौरभ सिंह ने प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, डेटा संकलन प्रक्रिया और निर्धारित प्रश्नों के उत्तरों की डिजिटल प्रविष्टि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समयबद्ध कार्य निष्पादन और त्रुटिरहित डेटा संकलन पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण में फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया, ताकि जनगणना कार्य को सुचारु और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी, घोरावल के उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन चाहता है कि सभी फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का पूरा उपयोग कर कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपनी सभी शंकाओं का समाधान करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में उनके द्वारा प्रशिक्षित किए जाने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजर्स से कोई त्रुटि न हो। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की प्रियासा सिंह और जिला प्रशासन के अनिल कुमार श्रीवास्तव ने फील्ड ट्रेनर्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और जनगणना कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply