छात्रा का शव फंदे से लटका मिला:महराजगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान, पुलिस जांच में जुटी
![]()
छात्रा का शव फंदे से लटका मिला:महराजगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज में सोमवार दोपहर एक छठवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्रा की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता चंदन मूल रूप से गोरखपुर जिले के पिपराइच कस्बा निवासी हैं और महराजगंज शहर के सुंदरम मैरिज हॉल में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। छात्रा की मां शहर के एक निजी स्कूल में दाई का काम करती हैं, जहां लक्ष्मी पढ़ती थी। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र जैन ने बताया कि छात्रा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
