![]()
चोरी के शक में युवक को पकड़ा, कोतवाली में हंगामा:मुंडन संस्कार में रिश्तेदारों के साथ आया था, पुलिस के रवैये से लोग भड़के
कन्नौज जिले की तिर्वा कोतवाली में एक युवक को पकड़े जाने के बाद भीड़ ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जिस युवक को चोरी के शक में पकड़ा था, वह अपने रिश्तेदारों के साथ एक मुंडन संस्कार में शामिल होने आया था। जब रिश्तेदारों को मामले की जानकारी हुई तो वे सभी कोतवाली पहुंच गए। यहां एक महिला एसआई ने महिलाओं को डांटते हुए बाहर निकलने को कहा, जिसके बाद भीड़ भड़क गई और हंगामा शुरू कर दिया। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी संजीव कुमार के बेटे शिवा का मुंडन संस्कार कार्यक्रम था। इसके लिए वे लोग रिश्तेदारों को बस और लोडर से लेकर मंगलवार को तिर्वा स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे थे। मुंडन संस्कार के दौरान पुलिसकर्मियों ने सौरिख थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी नरेंद्र कुमार को पकड़ लिया और उसे तिर्वा कोतवाली ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही बस और लोडर में सवार उसके रिश्तेदार कोतवाली पहुंच गए। वहां उन्होंने युवक को पकड़े जाने का कारण जानना चाहा तो महिला दरोगा भड़क गईं। उन्होंने महिलाओं को डांटते हुए बाहर निकलने को कहा और यह भी बोला कि “थाने को घुसलखाना मत बनाओ। यहां से बाहर निकलो सभी।” पुलिस के इस रवैये से वहां मौजूद महिलाएं और पुरुष भड़क गए और हंगामा करने लगे। हालांकि, बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब पुलिस ने युवक को नहीं छोड़ा तो बस में सवार अधिकांश रिश्तेदार वहां से चले गए। युवक के परिजन अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ कोतवाली में डटे रहे। इस मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि वह कोतवाली से बाहर हैं और फिलहाल उन्हें ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply