बलरामपुर। चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन देवीपाटन मंदिर में मां स्कंदमाता के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। दूर-दराज से आए भक्त पहले सूरजकुंड में स्नान कर देवी के दर्शन के लिए कतारबद्ध हो रहे थे। सुबह होते ही मंदिर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर था। सूरजकुंड के चारों ओर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त यहां स्वयं को पवित्र कर मां स्कंदमाता के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, लेकिन भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालु व्रत रखकर मां की पूजा-अर्चना कर रहे थे और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे थे। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। मेडिकल टीमें और साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल और विश्राम स्थलों का भी इंतजाम किया गया है।

Leave a Reply