DniNews.Live

चीन बॉर्डर पर क्रॉस फायरिंग में नौहझील का जवान शहीद:अरुणाचल प्रदेश में हुई घटना, गुरुवार को पहुंचेगा पार्थिव शरीर

मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के चांदपुर कलां गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब 20 वर्षीय अग्निवीर आदेश कुमार के शहीद होने की सूचना मिली। आदेश अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा पर तैनात थे और मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से शहीद हो गए। सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया। शहीद के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। आदेश कुमार के पिता विजय कुमार सेना से सेवानिवृत्त हवलदार हैं और वर्तमान में हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं। आदेश अक्टूबर 2024 में भारतीय सेना में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए थे। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। परिजनों ने बताया कि आदेश दुर्गम चीन सीमा पर तैनात थे, जहां कठिन परिस्थितियों और ऑक्सीजन की कमी के बावजूद वे पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा कर रहे थे। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार तक गांव पहुंचने की उम्मीद है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 🇮🇳 इस शहादत से परिवार और गांव में गहरा दुख है। परिवार का एक अन्य बेटा भी सेना में कार्यरत है। गांववासियों को आदेश की वीरता पर गर्व है। जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल को आदेश के बड़े भाई विशाल की शादी होनी थी। आदेश ने हाल ही में घर फोन कर बताया था कि उसे 13 अप्रैल से छुट्टी मिल गई है और वह शादी में शामिल होगा। इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। क्षेत्रीय विधायक राजेश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक व्यक्त किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *