चित्रकूट जनपद के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। ‘सीएम डैशबोर्ड’ के माध्यम से हुई इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि समीक्षा बैठकों में विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित रहें और सहायकों को भेजने की प्रवृत्ति बंद करें, अन्यथा मुख्यमंत्री स्तर से भी कठोर कार्रवाई हो सकती है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक चित्रकूट/बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को सरकारी दिशानिर्देशों के तहत तत्काल बदला जाए। साथ ही, तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष के सुझाव पर सरकारी कार्यालयों और आवासों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर भी चर्चा हुई। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों के बीच खुदाई न करके किनारे से खुदाई कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बाधित न हो। जिलाधिकारी ने इस योजना से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। बैठक से अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण के अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप चित्रकूट रिवर फ्रंट का एस्टीमेट तत्काल शासन को भेजने के लिए भी कहा गया। रसीद बांध क्षेत्र के शेष लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु सिंचाई और राजस्व विभाग को संयुक्त समिति बनाकर कार्य करने के निर्देश मिले। सहायक श्रमायुक्त को पात्र लोगों को बिना देरी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा गया। मंत्री ने यह भी बताया कि मनरेगा में कार्य दिवस 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है। उन्होंने बताया कि गृह भेदन की घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है।

Leave a Reply