![]()
चित्रकूट में पाठा क्षेत्र की समस्याओं पर अनशन:चौथे दिन भी जारी, मांगें पूरी न होने तक जारी रखने की चेतावनी दी
चित्रकूट के पाठा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा का क्रमिक अनशन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। यह अनशन कर्वी स्थित शहीद स्मारक पार्क (एलआईसी तिराहा) में चल रहा है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा। अनशन स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि पाठा क्षेत्र वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, लेकिन संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं आज भी क्षेत्रवासियों के लिए एक सपना बनी हुई हैं। इस दौरान एडवोकेट प्रखर पटेल, समाजसेवी मुकेश कुमार, कामता पटेल, कुलदीप, जयकरन, चट्टान सिंह, भूपेंद्र सिंह, अजय पटेल, राकेश यादव, अनुज, दानीशरण, राघव सिंह, अरविंद, अमरीश, गोलू, रोहित यादव, शुभांकर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में देवांगना घाटी से ददरी-मारकुंडी मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, रुकमा खुर्द प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस और स्टाफ की तैनाती, विभिन्न ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों का संचालन व निर्माण, खेलो इंडिया के तहत स्टेडियम का निर्माण, डिग्री कॉलेज व इंटर कॉलेज की स्थापना, पशु अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार, बिजली समस्या का समाधान और ‘हर घर जल’ योजना को शीघ्र पूरा करना भी उनकी मांगों में शामिल है। अन्य मांगों में तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़कों की मरम्मत, सरकारी बस सेवा का संचालन, माडो बांध के गेट की मरम्मत, श्मशान घाट का निर्माण, पुलिस चौकी की स्थापना, रेलवे अंडरपास व फ्लाईओवर का निर्माण शामिल हैं। आंदोलनकारी पलायन रोकने के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध कराने और आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की भी मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply