DniNews.Live

चित्रकूट में तेज हवा-बारिश से फसलें प्रभावित:खड़ी गेहूं की फसल गिरी, कटी उपज भीगने से किसानों को नुकसान

चित्रकूट जिले में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा और बारिश के कारण किसानों की रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर गेहूं की खड़ी फसल तेज हवा से जमीन पर गिर गई, जबकि खेतों में कटी पड़ी फसल भी बारिश से भीग गई। शनिवार सुबह ग्रामीण इलाकों में खेतों का नजारा बदला हुआ था। जहां कुछ दिन पहले तक सुनहरी फसलें लहलहा रही थीं, वहीं अब गेहूं की बालियां जमीन पर बिछी दिखाई दीं। किसानों के अनुसार, फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी और कई जगहों पर कटाई शुरू भी हो चुकी थी। ऐसे समय में आई तेज हवा और बारिश ने सबसे अधिक क्षति पहुंचाई है। किसानों का कहना है कि इस मौसम से गेहूं की फसल सर्वाधिक प्रभावित हुई है। कई किसानों ने लगभग 70 प्रतिशत तक फसल के नुकसान का अनुमान लगाया है। किसान अनूप पांडे ने बताया कि फसल ही उनके पूरे साल के भरण-पोषण और घर खर्च का मुख्य स्रोत होती है। इस क्षति से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। किसान हरदेव प्रसाद शुक्ल ने कहा कि उन्हें इस बार की फसल से काफी उम्मीदें थीं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी मौसम साफ नहीं हुआ है और आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों को और अधिक नुकसान की आशंका है। बारिश के बाद अब किसान प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर राहत नहीं मिली तो आर्थिक संकट गहरा सकता है। बदले मौसम ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *