चित्रकूट में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज जिले भर में शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के बाद देश में अमन-चैन और शांति के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे जिले में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार दिनभर गुलजार रहे, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। शहर स्थित ईदगाह जामा मस्जिद के इमाम मौलाना ने समुदाय के लोगों को नमाज अदा कराई। उन्होंने सभी से आपसी मेल-जोल और मोहब्बत के साथ रहने की अपील की। मौलाना ने कहा कि ऐसा करने से समाज कई बुराइयों से बच सकता है। उन्होंने हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई सभी समुदायों से मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होने का संदेश दिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी धर्म स्थलों के पास पुलिस प्रशासन का कड़ा पहरा रहा। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सौरभ यादव ने बताया कि जनपद में सेक्टर स्कीम लागू की गई थी, जिसके तहत सभी विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे। शहर स्थित ईदगाह पर एडीएम प्रशासन पूजा साहू, अपर पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह, सीओ सिटी अरविंद वर्मा और सदर विधायक अनिल प्रधान ने मुस्लिम भाइयों से मिलकर ईद की बधाई दी।

Leave a Reply