DniNews.Live

चित्रकूट में अनशन के 10वें दिन प्रशासन सक्रिय:समस्याओं के 7 दिन में समाधान का आश्वासन, ‘पाठा सत्याग्रह’ की चेतावनी

चित्रकूट के पाठा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 16 मार्च से जारी है। अनशन के दसवें दिन बुधवार देर शाम को प्रशासन सक्रिय हुआ। अपर जिलाधिकारी शहीद स्मारक पार्क, एलआईसी तिराहा कर्वी स्थित धरना स्थल पर पहुंचे और अनशनकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अपर जिलाधिकारी ने धरना स्थल पर पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी प्रमुख जनसमस्याओं का बिंदुवार अवलोकन किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला स्तर की समस्याओं का निस्तारण सात कार्यदिवस के भीतर कराया जाएगा। शासन स्तर की मांगों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार कर प्रक्रिया तेज की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पाठा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता के साथ प्रतिबद्ध है।अनशनकारियों ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्रवासियों की पीड़ा और वर्षों से चली आ रही उपेक्षा को मजबूती से रखा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की अनदेखी के कारण पाठा क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो ‘पाठा सत्याग्रह’ शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी। धरना स्थल पर एडवोकेट प्रखर पटेल, समाजसेवी मुकेश कुमार, सागर पटेल, विपिन, चन्द्रशेखर, राहुल, कुलदीप, अरुण, मानवेन्द्र, अजय, संदीप और जयकरण सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *