DniNews.Live

चित्रकूट गौरव दिवस पर सदगुरु परिवार जलाएगा 1.51 लाख दीप:डॉ. इलेश जैन ने तैयारियों की समीक्षा की, 22 लाख दीप जलाए जाएंगे

चित्रकूट गौरव दिवस 27 मार्च को मनाया जाएगा। इस अवसर पर संपूर्ण चित्रकूट तीर्थ 22 लाख दीपों से जगमगा उठेगा। सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट इस आयोजन में 1 लाख 51 हजार दीपक प्रज्वलित कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगा। ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन ने गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक की। ट्रस्ट द्वारा प्रज्वलित किए जाने वाले 1 लाख 51 हजार दीपकों का वितरण विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इनमें भरतघाट पर 71 हजार, जानकीघाट चरण चिन्ह से ओशो आश्रम तक 35 हजार, तुलसी मार्ग में 5 हजार, चिकित्सालय परिसर में 5 हजार और सतना मार्ग स्थित चिकित्सालय प्रवेशद्वार से रघुवीर मंदिर तक 35 हजार दीपक शामिल हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी चित्रकूट गौरव दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट का मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्र दीपकों की रोशनी से रोशन होंगे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से किया जाता है। डॉ. इलेश जैन ने सदगुरु परिवार के सदस्यों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि ट्रस्ट द्वारा दीपक जलाने के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में लगभग 300 सदस्य शामिल होंगे। डॉ. जैन ने बताया कि पद्मश्री स्व. डॉ. बी.के. जैन, जो ट्रस्ट के ट्रस्टी और निदेशक थे, हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनकी मंशा थी कि सदगुरु परिवार हर काम में ऐसी सहभागिता करे जो एक मिसाल बन जाए। इसी भावना के साथ इस गौरव दिवस पर ऊर्जा और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की जाएगी, ताकि उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार किया जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *