जनपद की चारों तहसीलों में जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में तहसील मुसाफिरखाना में यह दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि जनसामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भी जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली करने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सुना। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को इन शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। आज तहसील मुसाफिरखाना में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील अमेठी में 22 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 01 का निस्तारण हुआ। तहसील तिलोई में 05 और तहसील गौरीगंज में 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों के निस्तारण हेतु पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं। जिलाधिकारी ने समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जन समस्याओं को सुनें तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, तहसीलदार मुसाफिरखाना सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply