संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं। कौशांबी में सिराथू के रहने वाले सुनील मौर्य ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 82वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। सुनील मौर्य, जो ननका मौर्य के पुत्र हैं, अब कमर्शियल टैक्स अफसर बनेंगे। उनकी इस सफलता की जानकारी मिलते ही सुबह से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। दूर के रिश्तेदारों और परिचितों ने भी फोन पर शुभकामनाएं दीं।
सुनील के पिता ननका मौर्य सिराथू में चाय और नाश्ते की दुकान चलाते हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सुनील ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और यह मुकाम हासिल किया। सुनील ने अपनी हाई स्कूल की परीक्षा 2014 में और इंटरमीडिएट की परीक्षा 2016 में सिराथू के एसएवी इंटरमीडिएट कॉलेज से पास की थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई प्रयागराज में रहकर पूरी की। सुनील अपने घर में सबसे बड़े बेटे हैं। उनके एक छोटा भाई और एक बहन भी है, जो वर्तमान में घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

Leave a Reply