चकेरी थानाक्षेत्र में पति और बेटे के साथ बाइक से रेस्टोरेंट जा रही महिला को ट्रक ने श्याम नगर चौकी से पहले रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में पिता–पुत्र घायल हो गए। आसपास के लोगों ने ट्रक ड्राइवर को पकड़ कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। सुजातगंज नई बस्ती निवासी सिलाई कारीगर मो. शकील पत्नी शबाना (35), बेटे उजैर और हुसैन के साथ रहते थे। शकील के भाई मो. इमरान ने बताया कि भाई मंगलवार रात भाभी और भतीजे हुसैन को बाइक से मंगलवार रात लगभग आठ बजे श्याम नगर स्थित छप्पन भोग रेस्टोरेंट लेकर जा रहे थे। वह लोग श्याम नगर चौकी के कुछ पहले पहुंचे ही थे। तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे भाभी दूसरी तरफ गिरीं और बाकी दोनों एक तरफ गिर गए। भागने के चक्कर में ट्रक ड्राइवर शबाना को रौंदते हुए निकला। हादसा देख लोग दौड़े तो ड्राइवर गाड़ी छोड़ भागने लगा, लेकिन लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज के कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply