चंदौसी में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत:पेट्रोल पंप पर जाते समय बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
![]()
चंदौसी में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत:पेट्रोल पंप पर जाते समय बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
संभल के चंदौसी में पेट्रोल पंप जा रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में जनरल स्टोर चलाने वाले 72 वर्षीय बुजुर्ग शकील अहमद की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे असालतपुर जारई मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की पहचान चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सीकरी गेट निवासी शकील अहमद (72) पुत्र असील अहमद के रूप में हुई है। वह अपनी स्कूटी से पेट्रोल डलवाने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शकील अहमद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए।
घायल बुजुर्ग को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन निजी अस्पताल पहुंचे। बाद में, 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदौसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शाम करीब 6 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना चंदौसी पुलिस को दी। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
