चंदौसी में ओवर ब्रिज, लड़कियों का महाविद्यालय और स्टेडियम बनवाया:मंत्री गुलाब देवी बोलीं- जिला मुख्यालय मेरे में बना, रोडवेज बस अड्डे का काम शुरू होने वाला
![]()
चंदौसी में ओवर ब्रिज, लड़कियों का महाविद्यालय और स्टेडियम बनवाया:मंत्री गुलाब देवी बोलीं- जिला मुख्यालय मेरे में बना, रोडवेज बस अड्डे का काम शुरू होने वाला
संभल की चंदौसी विधानसभा से भाजपा विधायक और माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने अपने कार्यकाल को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ओवरब्रिज, बालिका महाविद्यालय और स्टेडियम जैसे बड़े प्रोजेक्ट पूरे या निर्माणाधीन हैं, जिससे जनता को व्यापक लाभ मिल रहा है। भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में राज्यमंत्री ने बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: आपके चार साल के कार्यकाल में सबसे बड़े काम कौन-कौन से रहे?
जवाब: योगी सरकार आने के बाद पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हुए हैं। चंदौसी में लंबे समय से स्टेडियम की मांग थी, जो अब बन रहा है और काफी बड़ा है। सीओ ऑफिस के सामने ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। पलथा में किसान अनुसंधान केंद्र बन चुका है और देवापुर में लड़कियों का महाविद्यालय भी तैयार हो गया है। इसके अलावा, जिला मुख्यालय को चंदौसी विधानसभा में स्थापित करना भी एक बड़ा काम है। सवाल: अपने कार्यकाल को आप 10 में से कितने नंबर देंगी?
जवाब: हम अपने कार्यकाल को 10 में से 10 अंक देंगे। क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है, कई रचनात्मक कार्य हुए हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। जनता सुखी और संतुष्ट है, किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। सवाल: आपकी प्राथमिकता में कौन सा काम सबसे अहम था, जो अब पूरा हो गया है?
जवाब: जितने भी काम गिनाए हैं, वे सभी महत्वपूर्ण हैं। जनता की जरूरतों के आधार पर काम किए गए हैं और आगे भी जो मांगें आएंगी, उन्हें पूरा कराया जाएगा। सवाल: इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट किसे मानती हैं?
जवाब: सबसे बड़ा काम ओवरब्रिज का निर्माण है। इसके साथ ही बालिकाओं के लिए सरकारी महाविद्यालय और एक बड़ा स्टेडियम बनना भी बेहद जरूरी था, जो अब पूरा हो रहा है। सवाल: 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी दावेदारी क्या है?
जवाब: यह फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। हम संगठन के कार्यकर्ता हैं और जो भी निर्णय होगा, उसे स्वीकार करेंगे। सवाल: चंदौसी में रोडवेज बस अड्डे की मांग पर क्या प्रगति है?
जवाब: रोडवेज बस अड्डे के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। बहुत जल्द इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सवाल: 2017 से अब तक योगी सरकार के कार्यकाल को आप कैसे देखती हैं?
जवाब: योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि सरकार दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। विपक्ष के पास सिर्फ आलोचना है, ठोस नीति और जनहित की सोच नहीं है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
