DniNews.Live

चंदौली में ROB स्लैब गिरा, कार्रवाई शुरू:ठेकेदार पर FIR, सेतु निगम का अवर अभियंता निलंबित

चंदौली जिले के बनौली खुर्द गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का स्लैब गिरने के मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है। आरओबी का निर्माण कर रही श्रेष्ठाभिषेक बिल्डकॉन फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त, सेतु निगम के अवर अभियंता (सिविल) को निलंबित कर दिया गया है। सेतु निगम के सहायक अभियंता और परियोजना प्रबंधक के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है। यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की सख्ती के बाद संभव हो पाई है। घटना के बाद विपक्ष के जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव के पास मुगलसराय-गया रेल रूट पर आरओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर था। 18 मार्च की आधी रात को दो पिलर के बीच स्लैब ढलाई का काम चल रहा था, तभी पूरा स्लैब भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था। डीएम ने बताया कि सेतु निगम के एमडी द्वारा घटना में पाई गई लापरवाही और समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित न किए जाने के कारण कॉन्ट्रैक्टर मेसर्स श्रेष्ठाभिषेक बिल्डकॉन प्रा. लि., रामपुर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोषी पाए जाने पर सेतु निगम के अवर अभियंता (सिविल) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, सहायक अभियंता एवं परियोजना प्रबंधक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। प्रकरण की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय तकनीकी समिति का गठन किया गया है। यह समिति कार्यस्थल का गहन तकनीकी निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर डीएम को जांच रिपोर्ट सौंपेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *