चंदौली में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने जनपद की कई समस्याओं, विशेषकर किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाया और उनके त्वरित निराकरण की मांग की। यादव ने कहा कि कृषि प्रधान जनपद होने के बावजूद किसानों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अधिकारियों की उदासीनता के कारण विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। उन्होंने नरवन क्षेत्र के किसानों की सिंचाई के लिए कर्मनाशा नदी पर स्थापित अदसण और चारी लिफ्ट कैनाल का मुद्दा उठाया। ये दोनों कैनाल 50-50 क्यूसेक क्षमता के हैं और 12 साल पहले लगाए गए थे, लेकिन अभी तक चालू नहीं हो पाए हैं। चालू होने पर इनकी पाइपें फट जाती हैं, जिससे किसानों को पानी नहीं मिल पाता। पूर्व सांसद ने अमड़ा में प्रस्तावित 132 केवी विद्युत सब-स्टेशन का कार्य शुरू न होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि बरहनी ब्लॉक के गांवों को आज भी जमानिया-दिलदारनगर, गाजीपुर से बिजली आपूर्ति की जा रही है। लंबी दूरी के कारण हाई टेंशन तार बार-बार टूटते हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। रामकिशुन यादव ने गडई और चंद्रप्रभा नदियों के साथ-साथ उनसे संबंधित सभी नालों और ड्रेन की खुदाई व सफाई जून महीने से पहले सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे बरसात के समय किसानों की फसलें बर्बाद होने से बचेंगी। उन्होंने मुगलसराय-चकिया रोड चौड़ीकरण के दौरान गडई और चंद्रप्रभा नदियों के पानी के बहाव के स्थानों को पाटे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे वर्षाकाल और बाढ़ के समय नदियों का जल बहाव प्रभावित होगा। यादव ने बंधी डिवीजन, सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग से इस ओर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि नदियों के प्राकृतिक जल बहाव में कोई बाधा न आए।

Leave a Reply