चंदौली जिले के बबुरी थानाक्षेत्र के बनौली कला के समीप स्थित एक मोबाइल कंपनी के टावर पर सोमवार देर रात एक व्यक्ति चढ़ गया। वह अपनी तीसरी पत्नी के मायके जाने से नाराज था। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। करीब 100 फीट से अधिक ऊंचे टावर पर चढ़कर वह जोर-जोर से आवाज लगाने लगा, जिसके बाद लोगों की निगाह उस पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डायल 112 और बबुरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और बचाव कार्य में जुट गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरेश कुमार नामक उस व्यक्ति को समझा-बुझाकर सकुशल टावर से नीचे उतार लिया। उसकी पहचान बनौली गांव निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई। सुरेश कुमार ने बताया कि उसने तीन शादियां की हैं, लेकिन उसकी पहली दो पत्नियां उसे छोड़कर जा चुकी हैं। एक सप्ताह पहले उसकी तीसरी पत्नी भी अपने मायके चली गई थी, जिससे वह नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

Leave a Reply