DniNews.Live

चंदौली जिला अस्पताल में अधिवक्ता और गार्ड में नोकझोंक:पर्ची कटवाने को लेकर हुई धक्का-मुक्की, अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

चंदौली जिला अस्पताल में मंगलवार को एक अधिवक्ता और सुरक्षा गार्ड के बीच पर्ची कटवाने को लेकर विवाद हो गया। गार्ड द्वारा कथित दुर्व्यवहार के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते वकीलों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, सदर कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता सत्येंद्र बिंद अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने जिला अस्पताल पहुंचे थे। दवा काउंटर पर पर्ची कटवाने के दौरान उनकी ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अधिवक्ता ने गार्ड को अपना परिचय भी दिया, लेकिन गार्ड का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह और महामंत्री आशुतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कई अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान चंद्रभान सिंह, संजीव श्रीवास्तव, उज्जवल सिंह, संदीप यादव, सत्य प्रकाश केसरी, हरेंद्र प्रताप सिंह, अरुण मिश्रा, सच्चिदानंद तिवारी, इंदू भूषण सिंह, श्याम बहादुर सिंह यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *