DniNews.Live

चंदौली के 12 गांवों का एचडीएफसी बैंक करेगा विकास:CSR पहल ‘परिवर्तन’ के तहत शुरू हुआ समेकित ग्रामीण कार्यक्रम

चंदौली जिले में एचडीएफसी बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल ‘परिवर्तन’ के तहत समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। यह कार्यक्रम अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से आकांक्षी जनपद चंदौली के चकिया विकासखंड के 12 चयनित गांवों में संचालित किया जाएगा। जिला मुख्यालय से दूर शिकारगंज में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस योजना का लक्ष्य करीब 1500 परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसके तहत सोलर आधारित पंपों से सिंचाई सुविधा का विस्तार किया जाएगा, सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और किसान फील्ड स्कूल के माध्यम से आधुनिक कृषि प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, ग्राम विकास समितियों को सशक्त किया जाएगा और स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी समग्र ग्राम विकास योजना से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आएंगे। गांवों में स्थित सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आधारभूत ढांचे को मजबूत कर उन्हें अत्याधुनिक बनाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, स्थानीय प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा और स्मार्ट स्कूल व स्मार्ट आंगनवाड़ी की भी स्थापना की जाएगी। एचडीएफसी बैंक की सीएसआर पार्टनर अर्पण सेवा संस्थान के सीईओ ने जानकारी दी कि चयनित गांवों में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए 7000 हेक्टेयर भूमि पर कैश क्रॉप को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें फूलों और फलों की खेती, मत्स्य पालन और पशुपालन शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन शाखा प्रबंधक मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर एरिया हेड सौरभ श्रीवास्तव और ब्रांच मैनेजर कृष्णा ने अतिथियों का स्वागत किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *