कुख्यात चंदन मिश्रा की हत्या करने वाले मेन शूटर तौसीफ रजा उर्फ बादशाह का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उसे ‘बिहार का बाहुबली’ बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर तौसिफ के नाम से बनाई गई आईडी से लगातार 6-7 पोस्ट किए गए हैं। इनमें से तीन पोस्ट पटना सिविल कोर्ट परिसर के हैं। वह हथकड़ी लगाए कोर्ट परिसर में ‘हईं जिले का बाहुबली…चला देब गोली त केहू ना बोली’ गाने पर रील शूट कराते नजर आ रहा है। पारस अस्पताल में इलाज के दौरान पिछले साल 17 जुलाई को तौसीफ, बलवंत, रविरंजन समेत पांच शूटरों ने चंदन मिश्रा को गोलियों ने भून दिया था। तौसिफ के नाम से सोशल मीडिया पर कई अकाउंट चल रहे हैं, जिन पर उसकी रील्स वायरल हो रही हैं। खास बात यह है कि कोर्ट परिसर में वह लोगों से मिल रहा है। मोबाइल इस्तेमाल कर रहा है। तौसिफ का पूरा नाम तौसिफ रजा है। उसके पिता पटना जंक्शन के पास हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं, जबकि मां स्कूल शिक्षिका हैं। परिवार चाहता था कि तौसिफ पढ़-लिखकर अच्छा और नेक इंसान बने। उसका दाखिला पटना के सेंट कैरेंस हाईस्कूल में कराया गया। स्कूल के दिनों से ही वह चकाचौंध की दुनिया से प्रभावित हो गया था। कम समय में करोड़पति बनने की चाहत में वह अपराध की राह पर चल पड़ा। बिल्डर से जुड़े विवादों में अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। क्या बेउर जेल से ही ऑपरेट कर रहा सोशल मीडिया : उसके सोशल मीडिया पर पारस अस्पताल का वह वीडियो भी अपलोड है, जिसमें चंदन को मारने के लिए वह सहयोगियों के साथ बेखौफ होकर हथियार लेकर 17 जुलाई को जाता है। चंदन की हत्या कर फिल्मी स्टाइल में भाग जाता है। यह वीडियो पिछले साल 24 दिसंबर को अपडेट हुआ है। कोर्ट परिसर का वीडियो 3 फरवरी और उसका सोशल अकाउंट 17 फरवरी को अपडेट हुआ है। क्या वह बेउर जेल से ही सोशल मीडिया ऑपरेट कर रहा है? गैंगस्टर चंदन मिश्रा ऐलान करके करता था मर्डर बक्सर का रहने वाला चंदन मिश्रा भी बड़ा गैंगस्टर था। पुलिस के अनुसार उस पर 10 से ज्यादा हत्या के आरोप थे। लूट और अपहरण कर फिरौती, धमकाकर उगाही करना उसकी अपराध शैली थी। वह ऐलान कर कई मर्डर कर चुका था। बक्सर के ही प्रसिद्ध चूना व्यवसायी को उसने दिनदहाड़े ऐलान करके मारा था। रंगदारी न देने पर ऐलान किया था-कल मारेंगे। इस मर्डर में उसका दोस्त शेरू भी शामिल था। बाद में दोनों में विवाद हो गया और अलग-अलग हो गए।
https://ift.tt/H6ts2da
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live