चंडीगढ़ में लड़की की चाकू मारकर हत्या:मृतका बोली- मां विनय ने मुझे मार दिया, बचा लो, आरोपी बिहार का रहने वाला

चंडीगढ़ सेक्टर-36 स्थित पार्क में रविवार रात करीब 8:30 बजे 23 वर्षीय सुहानी की उसके जानकार युवक ने गले पर चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में युवती ने अपनी मां को फोन कर हमले की जानकारी दी। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी विनय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ‘मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है… बचा लो’ मां अनीता के मुताबिक, सुहानी रविवार रात घर से यह कहकर निकली थी कि वह मार्केट से चॉकलेट लेकर आ रही है। करीब 15 मिनट तक वापस न आने पर मां ने उसे फोन किया। तीन बार कॉल करने पर जवाब नहीं मिला। चौथी बार कॉल उठाते हुए सुहानी ने कांपती आवाज में कहा- मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है, बचा लो। इसके बाद परिवार वाले तुरंत पार्क की ओर दौड़े। पार्क में सैर कर रहे एक व्यक्ति ने युवती को तड़पते देखा और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पिता महेश और मां भी मौके पर पहुंच गए। सुहानी के गले से खून बह रहा था और उसकी सांसें चल रही थीं। पिता ने पुलिस से अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई। आरोप है कि एंबुलेंस के इंतजार में देरी हुई, जिसके बाद परिजन खुद उसे उठाकर पार्क के बाहर लाए। उसे एंबुलेंस से सेक्टर-16 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंगेतर के लिए बना रही थी बिरयानी परिवार के अनुसार, सुहानी का रिश्ता सेक्टर-56 निवासी राहुल से तय हुआ था। रविवार रात राहुल डिनर पर घर आने वाला था। सुहानी उसकी पसंदीदा बिरयानी बना रही थी। इसी बीच वह चॉकलेट लेने के बहाने घर से निकली थी। परिवार झामपुर में नया मकान बना रहा है। सोमवार को वहां लेंटर डलना था और जून में शादी की तैयारी थी। रविवार को ही सुहानी अपने होने वाले पति के साथ नया मकान देखने गई थी। नशे के कारण बना ली थी दूरी पिता महेश ने बताया कि सुहानी पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थी और UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह सेक्टर-22 स्थित एक क्लीनिक में काम भी करती थी। आरोपी विनय बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। वह सेक्टर-35 की एक मिठाई की दुकान में काम करता था और बुड़ैल में रहता था। पिता के मुताबिक, विनय करीब एक साल से सुहानी को जानता था और उसे परेशान करता था। सुहानी ने घर पर इस बारे में बताया था और उससे दूरी बना ली थी। आरोप है कि विनय नशा करता था और लगातार बेटी को तंग कर रहा था। पुलिस पर लापरवाही का आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। पिता का कहना है कि पार्क के अंदर एंबुलेंस नहीं आ पा रही थी, इसलिए वे खुद बेटी को उठाकर बाहर लाए। पुलिस ने आरोपी विनय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना किया गया है।


https://ift.tt/VHNLmUO

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top