DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

चंडीगढ़-पंजाब और हिमाचल में न्यू ईयर पर बढ़ेगी ठंड:पहाड़ों पर होगी बारिश-बर्फबारी, कोल्ड वेव से ठिठुरन बढ़ेगी; 2 तक ऐसे ही रहेगा मौसम

न्यू ईयर 2026 की शुरुआत में चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज से अगले 96 घंटे तक हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। इसका असर केवल पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब-चंडीगढ़ के साथ-साथ हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक ठंडी हवाएं पहुंचेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद वहां से चलने वाली कोल्ड वेव पूरे उत्तर भारत में कोल्ड अटैक की स्थिति पैदा करेगी। हिमाचल के कई शहरों में अगले पांच दिनों के दौरान रात के तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, पंजाब और चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। लाहौल-स्पीति के ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और भी तीखी रहने की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 10 से माइनस 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फिलहाल शिमला, मनाली, चंडीगढ़ और जालंधर सहित अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन बर्फबारी के बाद यह सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा। यानी नए साल की शुरुआत कड़ाके की सर्दी के साथ होने की पूरी संभावना है। ऊंचे पहाड़ों की ठंडी हवाएं उत्तर भारत को ठंडा करेगी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार के मुताबिक, आज से 2 जनवरी तक पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। इसके बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी। ऊंचे पहाड़ों से चलने वाली कोल्ड वेव से पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी। 3 जनवरी को मौसम साफ होने के बाद तापमान में धीरे-धीरे उछाल आने की संभावना है। एक महीने से छा रही धुंध
पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल के निचले इलाकों में पिछले करीब एक महीने से लगातार धुंध छाई हुई है। इससे सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। धुंध का सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ रहा है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पिछले सात दिनों से रोजाना 5 से 7 फ्लाइट्स रद्द हो रही हैं, जबकि कई उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ी है। पंजाब के अमृतसर और जालंधर में कई बार विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। पंजाब-चंडीगढ़: पिछले साल से ज्यादा ठंडा दिसंबर
दिसंबर 2024 में पंजाब और चंडीगढ़ में दिन का तापमान 22 से 27 डिग्री और रात का 10 से 14 डिग्री के बीच रहा। ठंड और कोहरा सीमित रहा, कोई कोल्ड वेव नहीं चली। कुल मिलाकर दिसंबर 2024 सामान्य से थोड़ा गर्म रहा। इसके मुकाबले, इस बार दिसंबर ज्यादा ठंडा रहा। कोल्ड वेव और घने कोहरे के कारण कई शहरों में रात का तापमान 2 से 6 डिग्री तक गिर गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, तो वहीं फरीदकोट में 3 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल: 2024 में दिसंबर महीने ज्यादा ठंडा, 2025 में गर्म
हिमाचल में दिसंबर 2024 के दौरान अधिक ठंड दर्ज की गई थी। उस समय अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 7 डिग्री रहा, जबकि दिसंबर 2025 में न्यूनतम तापमान 4 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इसी तरह, अधिकतम तापमान 2024 में 14-20 डिग्री और 2025 में 16-24 डिग्री के बीच रहा। यानी पंजाब और चंडीगढ़ में दिसंबर 2025 ज्यादा ठंडा रहा, वहीं हिमाचल में दिसंबर 2024 ज्यादा ठंडा साबित हुआ था। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर फिर से तेज होने वाला है। ​​​​​


https://ift.tt/48SP3AZ

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *