सिटी रिपोर्टर | रिविलगंज थाना क्षेत्र के जखुआ गांव में मंगलवार की देर रात एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने घर से बुलाकर गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक शंभू राय का 25 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार राय बताया जा रहा है। रोहित गुजरात में मजदूरी करता था और बहन की शादी में शामिल होने घर आया था। शव रेलवे ट्रैक के बगल में फेंका गया था। घटना की जानकारी मिलने पर आक्रोशित लोगों ने मुकरेड़ा मोड़ (एनएच-531) पर शव रखकर दो घंटे तक छपरा-सिवान मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सारण एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि घटना के पीछे सही कारण एवं इसमें संलिप्त लोगों की शीघ्र पहचान कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। रिविलगंज थाना पुलिस, भगवान बाजार थाना पुलिस, बीडीओ रीतेश कुमार सिंह और सीओ कौशल कुमार ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल से मृतक का मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसे जांच में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। डॉग स्क्वायड टीम ने रेलवे ट्रैक पर फैले खून के धब्बों के सैंपल भी एकत्रित किए। हत्या घर से मात्र 500 मीटर दूर और रेलवे ट्रैक के पास हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजनों की जुबानी पूरी कहानी मृतक के पिता शंभू राय ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे रोहित के मोबाइल पर किसी ने फोन कर बुलाया था। इसके बाद रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। करीब दो-ढाई बजे पुलिस ने घटना की जानकारी दी। पिता और परिवारजन घटना स्थल पर पहुंचे तो देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि उनके या बेटे का किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। रोहित की पत्नी ने बताया कि वे खाना खा रहे थे, तभी फोन आया और रोहित घर से निकल गए। पांच साल की शादी में अब उनके दो छोटे बच्चे हैं।
https://ift.tt/G4VjeNL
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply