मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम एक आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजन मुंडन कार्यक्रम में गए थे, तभी पड़ोसी ने उसे अपना शिकार बनाया। पीड़िता के पिता ने बताया कि रविवार को वे अपने दूसरे बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए गए थे। उनकी आठ वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान, आरोपी प्रदीप उर्फ शेरा उनके घर आया और कुछ सामान लाने का बहाना बनाकर बच्ची को अपने साथ ले गया। जब परिजन पत्नी और बच्चों के साथ घर लौटे, तो बेटी ने उन्हें पूरी घटना बताई। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने जब आरोपी प्रदीप से इस बारे में पूछा, तो उसने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। आरोपी प्रदीप उर्फ शेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुष्कर्म पीड़िता आठ वर्षीय बच्ची एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा है और उसका उपचार जारी है। एसपी सिटी अरुण कुमार ने पुष्टि की कि दन्नाहार पुलिस को कल शाम 8 साल की बच्ची के साथ पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, बच्ची का मेडिकल कराया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply