DniNews.Live

घर में सो रहे युवकी की धारदार हथियार से हत्या:सीतापुर में खून से लथपथ मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां ग्राम खरहुवा में 30 वर्षीय युवक हसीन पुत्र बसीर का शव उसके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि हसीन रात में अपने घर में सो रहा था, उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो उसका शव कमरे में पड़ा मिला। मृतक के गले और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। इस बात को लेकर पुलिस भी जांच में कई बिंदुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। घर के अंदर और आसपास के इलाके की गहन जांच की जा रही है ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *