लखनऊ में घर की नौकरानी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को चोरी किए गए जेवरात और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पिछले चार साल से घर में काम कर रही थी। गोमतीनगर विस्तार निवासी रवीश कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे परिवार के साथ उज्जैन गए हुए थे। इसी दौरान 11 मार्च से 17 मार्च के बीच उनके घर में काम करने वाली नौकरानी चंदा ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
चार साल से कर रही थी काम
पीड़ित ने बताया आरोपी चंदा पिछले चार सालों से उनके घर में रहकर काम कर रही थी। घर में भरोसे का फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वापस लौटने पर काफी तलाश किया लेकिन नहीं मिली। इस पर पीड़ित परिवार ने शिकायत दर्ज कराई। अंडरपास के पास से हुई गिरफ्तारी
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया सर्विलांस, मैन्युअल इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की। रविवार की रात करीब 10 बजे एसएसबी बिल्डिंग के पास अंडरपास के नीचे से आरोपी चंदा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला के पास से भारी मात्रा में सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद हुए हैं। जिनमें हार, चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कंगन, झुमके, पायल, बिछिया सहित अन्य सामान शामिल हैं। साथ ही एक लेडीज पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply