सिटी रिपोर्टर| बेगूसराय बेगूसराय में जारी शीतलहर और लगातार गिरते तापमान के बीच जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। आगामी 24 दिसंबर तक कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। डीएम श्रीकांत शास्त्री ने आदेश जारी कर इसका सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार कक्षा 8वीं से ऊपर की कक्षाएं शीतलहर को ध्यान में रखते हुए पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक ही संचालित होंगी। वहीं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति नहीं होगी, बल्कि दोपहर 12:00 से 2:00 बजे के बीच केवल पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि मिशन दक्ष, प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी। दरअसल जिले में पिछले कई दिनों से शीतलहर का असर बना हुआ है। सुबह और शाम के समय तापमान में तेज गिरावट से बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 23 दिसंबर तक शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। 21 दिसंबर को घने कुहासे के साथ शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 22 और 23 दिसंबर को शीत दिवस और हल्के से मध्यम दर्जे के कुहासे को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। 24 दिसंबर से मौसम में कुछ बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बेगूसराय समेत पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, रोहतास, औरंगाबाद, गया और कैमूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मात्र 3 डिग्री का अंतर शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। खास बात यह है कि इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर महज तीन डिग्री रह गया है। इसके कारण सुबह से शाम तक ठंड में कोई खास कमी महसूस नहीं हो रही है। सुबह से लेकर शाम तक धूप के दर्शन नहीं हुए। कोहरे के कारण धूप नहीं निकलने से ठंड का असर और बढ़ गया है। ऊपर से करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी पछुआ हवा ने शीतलहर जैसी स्थिति बना दी है। शनिवार को भी जिले भर में दिनभर ठंड का प्रकोप बना रहा।
https://ift.tt/80wyMnT
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply