ग्वालियर में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में मेरठ के एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मेरठ की आंगनवाड़ी कार्यकत्री प्रीति कश्यप (50), उनकी बेटी शगुन (25) और दामाद शुभम (30) शामिल हैं। प्रीति कश्यप थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव मऊखास की निवासी थीं। वह अपने नाती प्रियांश के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए ग्वालियर गई थीं। 23 मार्च को प्रियांश का जन्मदिन था।
बताया गया कि शुक्रवार को प्रीति कश्यप अपनी बेटी शगुन, दामाद शुभम और अन्य परिजनों के साथ एक टेंपो से शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। दर्शन कर लौटते समय ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीति कश्यप, उनकी बेटी शगुन, दामाद शुभम, टेंपो चालक राजेश कुमार और सुमित सहित कुल छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। प्रीति कश्यप के पति की मृत्यु हो चुकी थी। वह शास्त्री नगर क्षेत्र में रहकर आंगनवाड़ी कार्यकत्री के रूप में कार्यरत थीं और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही उनका बेटा कार्तिक ग्वालियर के लिए रवाना हो गया। इस हादसे के बाद गांव मऊखास समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, प्रीति कश्यप का पार्थिव शरीर मेरठ लाया जाएगा, जबकि उनकी बेटी और दामाद का अंतिम संस्कार ग्वालियर में ही किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply