ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू सोसायटी में एक तीन साल के बच्चे की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। यह घटना दोपहर के समय हुई। सोसायटी के फ्लैट नंबर ई-1237 में रहने वाले संजय पाल एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। घटना के समय, उनकी पत्नी बड़े बेटे को ट्यूशन सेंटर छोड़ने गई थीं, और छोटा बच्चा घर में अकेला था। बताया गया कि बच्चा खेलते हुए फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गया। बालकनी के पास रखी एक कुर्सी पर चढ़कर वह नीचे झांकने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह 12वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। बच्चे के गिरने की आवाज सुनकर सोसायटी के लोग और सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आई थीं। एसीपी बिसरख पवन कुमार ने मृतक बच्चे की पहचान साग्निक पाल के रूप में की है।

Leave a Reply