ग्रेटर नोएडा में खुले में फेंका जा रहा कूड़ा:लोगों ने प्राधिकरण से 5000 जुर्माने लगाने की मांग की
![]()
ग्रेटर नोएडा में खुले में फेंका जा रहा कूड़ा:लोगों ने प्राधिकरण से 5000 जुर्माने लगाने की मांग की
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा 1 में स्वच्छता नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि जागरूकता अभियान के बावजूद कुछ लोग निर्धारित स्थानों के बजाय सड़कों के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। हाल ही में बीटा 1 के ए-347 के पास सड़क किनारे भारी मात्रा में कचरा फैला देखा गया। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि स्थानीय स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार समझाने और चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसे देखते हुए सेक्टर वासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हरेंद्र भाटी ने सुझाव दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों पर कम से कम ₹5000 का जुर्माना लगाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा। निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से नियमित निगरानी और सख्त कदम उठाने की अपील की है, ताकि सेक्टर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्राधिकरण द्वारा खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई है। बीटा 2 सेक्टर के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी चाहते हैं कि खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से जुर्माने की कार्रवाई हो, जिससे उनके सेक्टर भी स्वच्छ और साफ रह सकें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
