राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के उद्देश्य से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधानों और सचिवों को पंचायत के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, आय के नए स्रोत विकसित करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। पंचायत की आय बढ़ाने, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने और ग्रामीणों को शिकायत दर्ज कराने के अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उपायों पर भी बल दिया गया। प्रशिक्षकों ने पंचायत प्रतिनिधियों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग और सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन के बारे में भी जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, जिला पंचायत अधिकारी विनय कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी सहित प्रशिक्षणकर्ता जनक सेंगर, प्रशांत मिश्रा, ज्योतिष श्रीवास्तव तथा संदीप कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू कर गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply