गोरखपुर में व्यापारियों ने नगर निगम को दिया ज्ञापन:बोले-गोलघर में बिगड़ी व्यवस्था से व्यापार प्रभावित, समाधान न होने पर दुकानें बंद करने की चेतावनी
![]()
गोरखपुर में व्यापारियों ने नगर निगम को दिया ज्ञापन:बोले-गोलघर में बिगड़ी व्यवस्था से व्यापार प्रभावित, समाधान न होने पर दुकानें बंद करने की चेतावनी
गोरखपुर के गोलघर इलाके में प्रभावित हो रहे व्यापार और नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि जल्द ठोस कदम नहीं उठे तो दुकानों को बंद करना पड़ेगा। समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरेवाल को संबोधित ज्ञापन देने पहुंचा। उनकी अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार को ज्ञापन सौंपा गया।
अतिक्रमण अभियान और ट्रैफिक व्यवस्था से व्यापार प्रभावित
व्यापारियों ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान व्हाइट लाइन के अंदर खड़ी गाड़ियों को भी हटाया जा रहा है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। साथ ही ई-रिक्शा संचालन और चटोरी गली का रास्ता खोले जाने से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि वे कई बार महापौर और अधिकारियों से मिलकर समस्याएं रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे व्यापारियों में नाराजगी और आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। प्रवर्तन दल को बंद करने की मांग
व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का काम पहले से ही ट्रैफिक और पुलिस विभाग के पास है, इसलिए नगर निगम के प्रवर्तन दल को बंद किया जाना चाहिए। व्यापारियों ने इंदिरा बाल विहार से जीडीए टॉवर और कचहरी क्लब तक भूमिगत पार्किंग की संभावनाओं पर विचार करने की मांग की, ताकि पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान हो सके। कई व्यापारी रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में अनूप किशोर अग्रवाल, संजय गर्ग, संतोष गुप्ता, अभिषेक जायसवाल, प्रदीप टेकरीवाल, समीर राय, पुनीत जिंदल, निकुंज टेकरीवाल, सुनील गुप्ता, रोहित बजाज, करण सर्राफ, राशिद अहमद, मनमोहन मिश्रा, रिजवान खान, मो. हसन खान, अशोक टिबरेवाल, अनिल अग्रवाल और इशार अहमद समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
