![]()
गोरखपुर में बारिश से 10°C तक लुढ़का तापमान:स्कूली बच्चे भीगते हुए पढ़ने गए, 40km की स्पीड से हवा ने बढ़ाई ठंडी
गोरखपुर में बुधवार को मौसम ने अचानक बदल गया। सुबह से हल्की बारिश होने के कारण तापमान में करीब 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। देखिए 2 तस्वीरें…. सुबह के समय स्कूली बच्चे बारिश में भीगते हुए स्कूल जाते नजर आए। वहीं, रोज़ाना काम पर जाने वाले लोग भी छाता लेकर घर से निकले। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से मौसम ठंडा हो गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पाण्डेय के अनुसार, आज और कल यानी गुरुवार तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर समेत पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंडक बनी हुई है। हालांकि, इस बारिश का असर खेती पर पड़ सकता है। खासतौर पर गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई गई है। मौसम बदलने की वजह क्या है
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे खास वायुमंडलीय स्थितियां जिम्मेदार हैं। पश्चिमोत्तर के पहाड़ी इलाकों में एक “पश्चिमी विक्षोभ” सक्रिय है, जो तिब्बत की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर लगभग 5000 फीट की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन गया है। इसी वजह से बादल छा रहे हैं और बारिश हो रही है। आगे कैसा रहेगा मौसम
बुधवार और गुरुवार तक तेज हवाएं और बादल बने रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। लेकिन राहत की बात यह है कि शुक्रवार से मौसम फिर सामान्य होने लगेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.4°C और न्यूनतम 19.6°C था, लेकिन बारिश के बाद इसमें करीब 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक ने बुधवार का अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 17°C रहने की संभावना जताई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply